भरत तिवारी के घर पहुंचे खेसारी लाल यादव! परिवार से बोले- लड़ाई लड़िए, मैं आपके साथ हूं...
भोजपुर। चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में अब भोजपुरी फिल्म जगत की भी एंट्री हो गई है। भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव सोमवार को भोजपुर जिले के बिलौटी गांव पहुंचे और भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
गांव पहुंचते ही खेसारी लाल यादव को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए। उन्होंने भरत तिवारी की मां से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार का हालचाल जाना। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि परिवार को अपनी लड़ाई संगठित तरीके से लड़नी होगी और कानूनी जानकार लोगों की मदद लेनी चाहिए।
खेसारी लाल यादव ने कहा कि यदि परिवार आंदोलन करता है तो वह उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर आवाज उठाने के साथ-साथ मामले को बड़े मंच तक पहुंचाना जरूरी है ताकि न्याय की मांग प्रभावी तरीके से उठाई जा सके।
उन्होंने परिवार को सलाह दी कि पढ़े-लिखे और कानून की समझ रखने वाले लोगों की मदद लेकर अपनी बात प्रशासन और सरकार तक पहुंचाएं। खेसारी ने कहा कि संघर्ष करने वालों का साथ समाज भी देता है और न्याय के लिए आवाज उठाना जरूरी है।
गौरतलब है कि भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में कई जनप्रतिनिधियों ने भी इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। अब खेसारी लाल यादव के परिवार से मिलने के बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।
