रुद्र महायज्ञ में अखंड भंडारा जारी, पंचायतवासियों से घर में भोजन न बनाने की अपील, बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु
बिहार। टण्कुप्पा प्रखंड के चोवार गांव में आयोजित भव्य रुद्र महायज्ञ का धार्मिक माहौल पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और आस्था का केंद्र बना हुआ है। महायज्ञ के दौरान यहां अखंड भंडारा का आयोजन लगातार चल रहा है, जिसमें दूर-दूर से आ रहे श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। आयोजन समिति ने पंचायत के सभी लोगों से विशेष आग्रह किया है कि महायज्ञ की अवधि तक अपने घरों में भोजन न बनाएं और यज्ञ स्थल पर पहुंचकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त करें।
आयोजन समिति के सदस्य अमरेश कुमार शर्मा ने बताया कि रुद्र महायज्ञ का आयोजन पूरे पंचायत के कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक अनुष्ठान समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और आपसी भाईचारा व सौहार्द को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने पंचायतवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग परिवार सहित यज्ञ स्थल पर पहुंचें, पूजा-अर्चना में भाग लें और अखंड भंडारे का लाभ उठाएं।
महायज्ञ स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और धार्मिक कार्यक्रमों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। भंडारे की व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है, जहां स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को आदरपूर्वक प्रसाद वितरित कर रहे हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए अलग से बैठने और भोजन की व्यवस्था की गई है।
आयोजन समिति ने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन विशेष पूजा, भजन-कीर्तन और प्रवचन का भी कार्यक्रम रखा गया है। स्थानीय ग्रामीण भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं, जिससे आयोजन सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखते हुए कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।
