पटना में NEET पेपर लीक पर छात्रों का उग्र प्रदर्शन, AISA के लोकभवन मार्च में पुलिस से झड़प
पटना। NEET पेपर लीक मामले को लेकर बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के बैनर तले छात्रों और कार्यकर्ताओं ने लोकभवन मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जबकि पुलिस का कहना है कि भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़ने और सुरक्षा व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया, जिसके चलते हालात नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
AISA के कार्यकर्ता NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर लोकभवन की ओर मार्च कर रहे थे। इस दौरान छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लगातार सामने आ रहे परीक्षा संबंधी विवादों पर सवाल उठाए।
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज का भी विरोध किया। उनका कहना था कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों पर जवाब देना चाहिए और शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
घटना के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों के घायल होने की सूचना है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा तथा स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल भी बुलाया गया। घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर पुलिस की विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। वहीं AISA ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
