×

शराबबंदी की सख्ती के बीच पुलिसकर्मी ही निकला शराबी, विभागीय कार्रवाई शुरू

शराबबंदी की सख्ती के बीच पुलिसकर्मी ही निकला शराबी, विभागीय कार्रवाई शुरू

शराबबंदी लागू कराने वाला पुलिसकर्मी ही निकला शराब के नशे में, मेडिकल जांच में पुष्टि के बाद निलंबित, गिरफ्तार

पटना। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद राजधानी पटना में एक पुलिसकर्मी के शराब के नशे में पाए जाने का मामला सामने आया है। रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मी विनोद राम का कथित रूप से नशे की हालत में होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने पर उसे निलंबित कर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले की जांच कर संबंधित पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। जांच रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।

सदर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रंजन कुमार ने बताया कि मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद आरोपी पुलिसकर्मी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पुलिसकर्मी विनोद राम पहले भी शराब सेवन के आरोप में निलंबित हो चुका है। इस घटना के बाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन के मामलों में किसी भी व्यक्ति, चाहे वह पुलिसकर्मी ही क्यों न हो, के खिलाफ समान रूप से सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Share this story