NEET 2026: Madhubani में NEET परीक्षा को लेकर सख्ती, 1:30 के बाद एंट्री बंद
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा 3 मई 2026, रविवार को आयोजित नीट यूजी परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर मंगलवार को मधुबनी समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने संयुक्त ब्रीफिंग की। बैठक में सभी केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
डीएम ने बताया कि जिले में नीट परीक्षा के लिए 8 केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों को प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 01:30 बजे तक प्रवेश मिलेगा। 01:30 बजे के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। परीक्षा अपराह्न 2:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक चलेगी।

सख्त निर्देश जारी
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल, ब्लू-टूथ, इयरफोन, कैलकुलेटर, पेन-पेंसिल बॉक्स, घड़ी, बेल्ट, जेवर, हैंडबैग, पानी की बोतल, खाद्य सामग्री समेत कोई भी इलेक्ट्रॉनिक या धातु की वस्तु ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पकड़े जाने पर कदाचार मानते हुए कानूनी कार्रवाई होगी।
सभी केंद्रों पर सीसीटीवी, वीडियोग्राफी, बायोमेट्रिक जांच एवं जैमर लगाए जाएंगे। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी भी गतिविधियों की लाइव निगरानी करेगी। अभ्यर्थियों की सघन फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक मिलान के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।
पदाधिकारी प्रतिनियुक्त
परीक्षा के सिटी समन्वयक जवाहर नवोदय विद्यालय के पीजीटी भौतिकी प्रशांत कुमार होंगे। विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में डीडीसी सुमन प्रसाद साह एवं एसडीपीओ मुख्यालय श्रीमती रश्मि रहेंगी। सभी केंद्रों पर सशस्त्र बल के साथ स्टैटिक दंडाधिकारी सह प्रेक्षक तैनात किए गए हैं।
सोशल मीडिया पर नजर
एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि जिला साइबर सेल एवं डीपीआरओ की सोशल मीडिया टीम अफवाहों पर कड़ी नजर रख रही है। भ्रामक खबर फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई होगी। परीक्षा के दिन यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अपर समाहर्ता संतोष कुमार, वरीय कोषागार पदाधिकारी कन्हैया लाल गोस्वामी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
