×

Madhubani News: मधुबनी के धार्मिक स्थलों का होगा कायाकल्प, विश्वामित्र आश्रम और कल्याणेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण को मिली मंजूरी

Madhubani News: मधुबनी के धार्मिक स्थलों का होगा कायाकल्प, विश्वामित्र आश्रम और कल्याणेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण को मिली मंजूरी

मधुबनी जिले के दो प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को नया स्वरूप मिलने जा रहा है। हरलाखी प्रखंड स्थित विश्वामित्र स्थान और कल्याणेश्वर महादेव मंदिर के विकास व सौंदर्यीकरण के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (BSTDC) ने टेंडर जारी कर दिया है।

जिला प्रशासन द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर तत्कालीन पर्यटन एवं कला-संस्कृति मंत्री अरुण शंकर प्रसाद की पहल के बाद यह कार्य आगे बढ़ा है। टेंडर के अनुसार, विश्वामित्र आश्रम के विकास पर 13.27 करोड़ रुपये तथा कल्याणेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार व पर्यटन विकास पर 13.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

विश्वामित्र आश्रम को महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि माना जाता है और यह आध्यात्मिक आस्था का बड़ा केंद्र है। वहीं कल्याणेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक परंपराओं का प्रमुख स्थल है, जहां सालभर श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है।

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने बताया कि दोनों स्थलों पर आधुनिक पर्यटन सुविधाएं, आकर्षक परिसर और सुगम आवागमन की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे न सिर्फ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार, होटल व परिवहन व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद मधुबनी की समृद्ध धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और जिला धार्मिक पर्यटन के नक्शे पर मजबूती से उभरेगा।

Share this story