Madhubani News: मिथिला पेंटिंग को मिलेगा वैश्विक मंच, ई-कॉमर्स पोर्टल जल्द होगा लॉन्च
मिथिला चित्रकला को वैश्विक पहचान दिलाने और कलाकारों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। मधुबनी जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में एनआईसी पटना द्वारा विकसित किए जा रहे ई-कॉमर्स पोर्टल की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में डीएम ने निर्देश दिया कि मिथिला चित्रकला संस्थान, मधुबनी एनआईसी पटना, डाक विभाग एवं एसबीआई के साथ समन्वय कर शीघ्र एमओयू की प्रक्रिया पूरी करे। इससे पोर्टल संचालन में तकनीकी व वित्तीय बाधा नहीं आएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह पोर्टल कलाकारों के लिए सशक्त डिजिटल मंच बनेगा। पोर्टल के माध्यम से कलाकृतियों की बिक्री होने पर भुगतान राशि सीधे कलाकारों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। इससे पारदर्शिता आएगी और कलाकारों को उनकी कला का उचित मूल्य मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मधुबनी पेंटिंग मिथिला की सांस्कृतिक पहचान है। ई-पोर्टल से कलाकारों को देश-विदेश में नई पहचान मिलेगी और आर्थिक सशक्तिकरण को गति मिलेगी। प्रशासन कलाकारों को आधुनिक डिजिटल बाजार से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि तकनीकी बिंदुओं के त्वरित समाधान के लिए मिथिला चित्रकला संस्थान संबंधित विभागों की आईटी टीम के साथ बैठक करेगा। डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से पोर्टल का काम समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में मिथिला चित्रकला संस्थान के निदेशक चन्द्रशेखर प्रसाद सिंह, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी नीतीश कुमार, आईटी मैनेजर आशिष कुमार, एसबीआई सौराठ शाखा प्रबंधक आशीष रंजन झा, लेखा पदाधिकारी सुरेन्द्र प्रसाद यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
