Madhubani News: जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने की टॉप-10 महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा, समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश
मधुबनी। मधुबनी जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में भवन निर्माण प्रमंडल मधुबनी तथा पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल मधुबनी एवं झंझारपुर की टॉप-10 महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में योजनाओं की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता, समयसीमा और लंबित मामलों पर गहन चर्चा हुई। डीएम ने सभी कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि जनहित की परियोजनाओं को प्राथमिकता देकर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में शिथिलता या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं होगा और सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
बलिराजगढ़ स्थल की सुरक्षा पर जोर
बैठक में ऐतिहासिक बलिराजगढ़ खुदाई स्थल की सुरक्षा एवं संरक्षण पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि स्थल के चारों ओर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाएगा और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा, बलिराजगढ़ मिथिला की ऐतिहासिक धरोहर है। इसके संरक्षण के लिए जिला प्रशासन गंभीर है।
सड़क योजनाओं की समीक्षा
पथ निर्माण विभाग की समीक्षा में खुटौना बाजार से तेनुआही सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य समेत अन्य प्रमुख सड़क परियोजनाओं की प्रगति देखी गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी कार्य मानकों के अनुरूप समयसीमा में पूरे हों ताकि लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिले।
भवन निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
भवन प्रमंडल की समीक्षा में सरकारी भवनों, छात्रावासों व प्रशासनिक भवनों से जुड़ी योजनाओं की स्थिति जानी गई। डीएम ने लंबित योजनाओं का शीघ्र निष्पादन करने और कार्य में तेजी लाने को कहा।
बैठक में अपर समाहर्ता मुकेश रंजन झा, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नितेश पाठक सहित भवन निर्माण व पथ निर्माण विभाग के पदाधिकारी और अभियंता मौजूद थे।
