Madhubani News: 19 जुलाई को होगा वार्षिक साहित्योत्सव, ‘मीनाक्षी’ नाटक और सम्मान समारोह आकर्षण का केंद्र
मधुबनी। मैथिली साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समिति, मधुबनी के तत्वावधान में आयोजित होने वाले वार्षिक साहित्योत्सव की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। यह कार्यक्रम 19 जुलाई को मधुबनी के रांटी चौक स्थित शुभ मंगलम विवाह पैलेस में आयोजित किया जाएगा।
इस वर्ष साहित्योत्सव का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध नाटक ‘मीनाक्षी’ का मंचन होगा। इसके साथ ही प्रख्यात गायिका डॉ. ममता ठाकुर एवं कई युवा प्रतिभाओं द्वारा गायन प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम में समिति के मुखपत्र ‘अरुणिमा’ का लोकार्पण किया जाएगा तथा युवा साहित्यकार सुमित मिश्र ‘गुंजन’ को ‘नवहस्ताक्षर’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
मिथिला की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को समृद्ध करने में महत्त्वपूर्ण योगदान देने वाले तीन विशिष्ट व्यक्तित्वों सुविख्यात साहित्यकार डॉ. तारानन्द वियोगी, प्रसिद्ध लोकगायक मनोज महतो एवं मिथिला चित्रकला की ख्यातिप्राप्त कलाकार मंजू चौधरी को भी इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को प्रोत्साहित करने हेतु मैथिली बाल कविता-पाठ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों एवं समीक्षा को लेकर स्टेशन रोड स्थित एक डांस एकेडमी में समिति के अध्यक्ष चण्डेश्वर खाँ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिलीप कुमार झा, आशीष कुमार मिश्र, सुभेश चन्द्र झा, ज्योतिरमण झा ‘बाबा’, मालती मिश्र, प्रीतम कुमार निषाद, उदय जायसवाल, प्रभाष कुमार दमन, पं. प्रजापति ठाकुर, रेवती रमण झा, डॉ. रवीन्द्र झा, झौली पासवान, सुमन कुमार, सुनील कुमार मिश्र, कन्हैया जी झा, अनुपम झा एवं कुमकुम ठाकुर सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।
