मधुबनी में 17-18 मई को होगा भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान, राष्ट्रीय नेता देंगे बूथ प्रबंधन का प्रशिक्षण
मधुबनी। भारतीय जनता पार्टी, मधुबनी जिला का दो दिवसीय "पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान-2026" आगामी 17 और 18 मई को मधुबनी नगर निगम स्थित होटल चंद्रलोक कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जाएगा।
इसको लेकर भाजपा जिला कार्यालय के सभागार में जिला अध्यक्ष प्रभांशु झा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में प्रशिक्षण वर्ग की रूपरेखा तय की गई और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जिला अध्यक्ष प्रभांशु झा ने बताया कि शिविर का शुभारंभ वर्ग गीत, अतिथियों के स्वागत, पुष्पांजलि, दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम के साथ होगा। दो दिनों तक चलने वाले इस सत्र में राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी और वक्ता कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति से अवगत कराएंगे।
श्री झा ने कहा कि यह भाजपा का देशव्यापी वैचारिक एवं सांगठनिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है। इसका मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को एकात्म मानव दर्शन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, केंद्र सरकार की योजनाओं और बूथ प्रबंधन के गुर सिखाना है। पार्टी का लक्ष्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सुदृढ़, अनुशासित और तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए तैयार करना है।
जिला प्रभारी सह पूर्व विधान परिषद सदस्य अर्जुन सहनी ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करेगा और 2026 के अभियानों के लिए कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता बढ़ाएगा। सभी मंडल अध्यक्षों को अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष शंकर झा, राष्ट्रीय परिषद सदस्य देवेंद्र कुमार यादव, प्रमोद कुमार सिंह, सुनील कुमार मिश्र, सुबोध कुमार चौधरी, सरोज सिंह, जिला मीडिया प्रभारी मनोज कुमार मुन्ना, शिव शंकर पांडे, प्रशांत ठाकुर, राधा देवी, चंद्रवीर यादव, संतोष भगत, प्रतिमा रंजन, कविता झा, शेखर सुमन, शंभू झा, रीना सर्राफ, आदित्य झा, कन्हैया साह, राजीव झा, मनीष रंजन, राकेश रंजन, सक्सेना सिंह, रवि रंजन, रवि महतो सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
