×

जयनगर में बड़ी कार्रवाई: देवधा थाना पुलिस ने 1.227 किलो ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर दबोचे, कार जब्त

जयनगर में बड़ी कार्रवाई: देवधा थाना पुलिस ने 1.227 किलो ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर दबोचे, कार जब्त
देवधा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई भारी मात्रा में ब्राउन सूगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

जयनगर। इलाके में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवधा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया गया है।

थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर चार पहिया वाहन से ब्राउन शुगर की खेप डिलीवरी करने जा रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और उसराही गांव स्थित मिश्री लाल चौक पर चेकिंग अभियान शुरू किया गया।

इस दौरान एसआई गणेश कुमार सिंह, पुलिस बल और एसएसबी जवानों की टीम ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन चालक और उसके साथी के पास से संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर ही दोनों को हिरासत में लेकर वाहन को जब्त कर लिया गया।

बाद में एसएसबी के सहयोग से जांच और दंडाधिकारी की मौजूदगी में तौल कराने पर कुल 1 किलो 227 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान:

  • मो. सद्दाम (निवासी: उसराही गांव, देवधा थाना क्षेत्र)
  • मो. कमरुल (निवासी: बलडिहा गांव, जयनगर थाना क्षेत्र)

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है और पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

Share this story