डॉ. रामसेवक झा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने शिक्षाशास्त्री प्रवेश परीक्षा-2026 के नोडल पदाधिकारी
दरभंगा: शिक्षाशास्त्री एवं बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 के सफल संचालन हेतु डॉ. रामसेवक झा को विश्वविद्यालय का नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। कुलपति के आदेशानुसार कुलसचिव प्रो. ब्रजेश पति त्रिपाठी ने 20 अप्रैल को अधिसूचना जारी की। डॉ. झा शिक्षाशास्त्र विभाग में सहायक प्राचार्य के पद पर प्रतिनियुक्त हैं।
ज्ञात हो कि इस वर्ष बीएड एवं शिक्षाशास्त्री संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर द्वारा किया जा रहा है। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक संबद्ध विश्वविद्यालय से एक नोडल पदाधिकारी नामित किया जाता है।
शिक्षाशास्त्र विभाग के निदेशक डॉ. घनश्याम मिश्र ने बताया कि डॉ. रामसेवक झा वर्ष 2025 में भी नोडल पदाधिकारी का दायित्व सफलतापूर्वक निभा चुके हैं। उनके कुशल समन्वय से गत वर्ष विभाग में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का नामांकन समयबद्ध तरीके से पूर्ण हुआ था।
डॉ. मिश्र ने आशा जताई कि इस वर्ष भी डॉ. झा के अनुभव का लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा और प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी व व्यवस्थित रहेगी।
डॉ. झा के मनोनयन पर शिक्षाशास्त्र विभाग के प्राध्यापकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और सफल कार्यकाल की कामना की।
