×

Darbhanga News: संस्कृत विवि की आचार्य-शास्त्री परीक्षा शुरू, वीसी ने लिया जायजा

Darbhanga News: संस्कृत विवि की आचार्य-शास्त्री परीक्षा शुरू, वीसी ने लिया जायजा
 

दरभंगा। कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय, दरभंगा में गुरुवार, 07 मई से आचार्य, शास्त्री और उपशास्त्री के विभिन्न सत्रों की परीक्षा दो पालियों में शुरू हो गई। बिहार के 12 से अधिक जिलों के 15 केंद्रों पर परीक्षा संचालित हो रही है।

इस बार अररिया के अनन्तलाल सार्वजनिक संस्कृत उपशास्त्री कालेज, जमुआ को पहली बार केंद्र बनाया गया है। पहले यहां के परीक्षार्थियों को पूर्णिया के सुखसेना जाना पड़ता था। इस केंद्र के 180 परीक्षार्थियों में अधिकांश छात्राएं हैं।

पीआरओ डॉ. निशिकांत ने बताया कि मुख्यालय में शिक्षा शास्त्र विभाग और म. अ. र. लता संस्कृत कालेज को भी केंद्र बनाया गया है। यहां कुल 1037 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।

गुरुवार को कुलपति प्रो. लक्ष्मीनिवास पांडेय ने शिक्षा शास्त्र विभाग केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्था का जायजा लिया, केंद्राधीक्षक को निर्देश दिए और छात्रों से प्रश्नपत्र पर फीडबैक लिया। मौके पर केंद्राधीक्षक डॉ. घनश्याम मिश्र व नोडल पदाधिकारी डॉ. रामसेवक झा मौजूद थे।

परीक्षा नियंत्रक डॉ. ध्रुव मिश्र ने बताया कि आचार्य द्वितीय सेमेस्टर 2023-25, चतुर्थ सेमेस्टर 2022-24, शास्त्री चतुर्थ सेमेस्टर 2023-27, द्वितीय सेमेस्टर 2024-28, प्रथम सेमेस्टर 2025-29, आचार्य प्रथम सेमेस्टर 2025-27, उपशास्त्री 2024-26 समेत पूर्ववर्ती छात्रों की परीक्षा 16 मई तक चलेगी। रविवार को अवकाश रहेगा।

सात हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हैं। कुछ केंद्रों से अनुपस्थिति की सूचना है, पर कहीं से अनियमितता नहीं मिली। परीक्षा दरभंगा, मधुबनी, बेगूसराय, छपरा, चंपारण, गया, पटना, भोजपुर, भागलपुर, गोपालगंज, समस्तीपुर, सहरसा व अररिया में चल रही है।

Share this story