×

कोलकाता ब्यूटी पार्लर में महिला की हत्या, आरोपी युवक की भी मौत, जांच जारी

कोलकाता ब्यूटी पार्लर में महिला की हत्या, आरोपी युवक की भी मौत, जांच जारी
रिपोर्ट - प्रीति सिंह

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ब्यूटी पार्लर के अंदर दो लोगों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना शहर के गरिया इलाके की है। यहां एक पार्लर में काम कर रही महिला पर एक युवक ने अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आरोपी युवक भी मौके पर मृत पाया गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने वारदात को अंजाम देने के बाद आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्लर के अंदर दोनों के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। कुछ ही मिनटों में पूरा माहौल भयावह हो गया और पार्लर के अंदर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के मुताबिक, मृत महिला की उम्र करीब 50 वर्ष बताई जा रही है, जो पार्लर संचालिका थी। वहीं युवक की उम्र लगभग 22 से 24 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में युवक के बाहर के राज्य का होने की बात भी सामने आई है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पार्लर को सील कर दिया गया है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दोनों के बीच क्या संबंध था और आखिर इस खौफनाक वारदात की असली वजह क्या थी।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share this story