×

West Bengal Assembly Election Result: पश्चिम बंगाल में बीजेपी की धमाकेदार बढ़त, रुझानों में बहुमत के करीब

West Bengal Assembly Election Result: पश्चिम बंगाल में बीजेपी की धमाकेदार बढ़त, रुझानों में बहुमत के करीब
रिपोर्ट - प्रीति सिंह
 

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों की तस्वीर अब धीरे-धीरे साफ होती नजर आ रही है। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिलती दिख रही है और पार्टी ने 147 के जादुई आंकड़े को छू लिया है। वहीं तृणमूल कांग्रेस 107 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

 

हालांकि भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक सुबह 10 बजकर 9 मिनट तक बीजेपी 38 सीटों पर और टीएमसी 18 सीटों पर आगे चल रही थी। इसके अलावा भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा 1 सीट पर बढ़त बनाए हुए है। शुरुआती रुझानों और आधिकारिक आंकड़ों में अंतर लगातार अपडेट के कारण देखा जा रहा है।

 

विजय जुलूस पर रोक

चुनाव परिणामों के बीच प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, राज्य में किसी भी उम्मीदवार को जीत का जश्न मनाने के लिए विजय रैली निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न दलों के एजेंटों के मतगणना केंद्रों तक नहीं पहुंच पाने की शिकायतों की जांच की जा रही है और जल्द समाधान किया जाएगा।

77 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा में मतगणना

राज्य के 23 जिलों में 77 मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती जारी है। 294 में से 293 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना हो रही है, जिसमें 2,926 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है।

भारत निर्वाचन आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा विधानसभा सीट पर गड़बड़ी के चलते मतदान रद्द कर दिया था। इस सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होगा और 24 मई को मतगणना की जाएगी।

राज्य में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान हुआ था। इस बार रिकॉर्ड 92.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो स्वतंत्रता के बाद सबसे अधिक बताया जा रहा है।

शुरुआती रुझानों में बीजेपी को बढ़त जरूर दिख रही है, लेकिन अंतिम परिणाम आने तक तस्वीर में बदलाव संभव है।

Share this story