×

West Bengal Politics: टीएमसी के तीन राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल! जानिए सबके नाम...

West Bengal Politics: टीएमसी के तीन राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल! जानिए सबके नाम... 

सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक ने थामा भाजपा का दामन, प्रदेश अध्यक्ष ने इसे बंगाल की नई राजनीतिक दिशा बताया।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के तीन वरिष्ठ राज्यसभा सांसदों ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। कोलकाता स्थित भाजपा के साल्टलेक प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य की मौजूदगी में सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक को पार्टी का ध्वज सौंपकर औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल कराया गया।

इस मौके पर शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मभूमि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनना ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने लंबे समय तक उपेक्षा, राजनीतिक हिंसा और कुशासन झेलने के बाद परिवर्तन के पक्ष में जनादेश दिया है। भाजपा का उद्देश्य किसी दल की नहीं, बल्कि जनता की सरकार चलाकर राज्य का सर्वांगीण विकास करना है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पश्चिम बंगाल प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, उद्योग, मानव संसाधन और भौगोलिक दृष्टि से देश के सबसे समृद्ध राज्यों में शामिल है, लेकिन दशकों की गलत नीतियों के कारण राज्य विकास की दौड़ में पिछड़ गया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वय से बंगाल को नई विकास गति मिलेगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत आज वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है। कोविड काल से लेकर अंतरिक्ष, अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे तक देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में नई सरकार भी चुनावी वादों को तेजी से पूरा करने की दिशा में काम कर रही है।

भाजपा में शामिल हुए नेताओं का स्वागत करते हुए शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि उनका अनुभव और सार्वजनिक जीवन में योगदान पार्टी को और मजबूत करेगा। उन्होंने इसे पश्चिम बंगाल की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और भाजपा के प्रति बढ़ते जनविश्वास का संकेत बताया।          

Share this story