×

बंगाल चुनाव में गरमाई सियासत: अमित शाह का ममता सरकार पर सीधा हमला, “जनता अब बदलाव के मूड में”

बंगाल चुनाव में गरमाई सियासत: अमित शाह का ममता सरकार पर सीधा हमला, “जनता अब बदलाव के मूड में”

रिपोर्ट - प्रीति सिंह 

कोलकाता | पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में भाजपा की ओर से “जनता का चार्जशीट” जारी करते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस बार का चुनाव “भय और भ्रष्टाचार के खिलाफ जनमत” बनने जा रहा है।

कोलकाता के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि यह चार्जशीट राज्य में लंबे समय से जारी कथित कुशासन और जनता के अधिकारों के हनन का दस्तावेज है।

अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल का चुनाव केवल एक राज्य का चुनाव नहीं है, बल्कि इसका असर राष्ट्रीय सुरक्षा पर भी पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते वर्षों में राज्य में भय, हिंसा और भ्रष्टाचार का माहौल बना है, जिससे आम नागरिक परेशान हैं।

उन्होंने “सोने का बंगाल” के वादे पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में विकास की गति थम गई है और उद्योग-धंधों पर असर पड़ा है। इसके साथ ही उन्होंने अवैध घुसपैठ, कटमनी प्रथा और सिंडिकेट व्यवस्था को लेकर भी सरकार की आलोचना की।

भाजपा द्वारा जारी चार्जशीट में कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और विभिन्न कथित घोटालों जैसे राशन, शिक्षक भर्ती, मनरेगा और अम्फान राहत से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है।

amiitshah

ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि राज्य सरकार बार-बार खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश करती है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और आगामी चुनाव में पार्टी मजबूत स्थिति में है।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने बंगाल की जनता से अपील की कि वे निर्भय होकर मतदान करें और राज्य में नई दिशा देने का निर्णय लें।


बंगाल में चुनावी माहौल के बीच इस चार्जशीट के जरिए भाजपा ने राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है। आने वाले समय में यह मुद्दा चुनावी प्रचार का अहम हिस्सा बन सकता है।

Share this story