मोदी सरकार के 12 साल पूरे, भाजपा ने गिनाईं विकास और जनकल्याण की उपलब्धियां
कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा राज्य में भाजपा सरकार के एक माह का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर न्यूटाउन स्थित बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुवेंदु अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए शुवेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा देश की सेवा को समर्पित किया है और उनके नेतृत्व में भारत ने विकास के अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की नीतियों का मूल आधार गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण तथा समावेशी विकास रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में बुनियादी ढांचे के विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, रेलवे का आधुनिकीकरण, नए हवाई अड्डों का निर्माण, आईआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे उच्चस्तरीय संस्थानों की स्थापना इसके प्रमुख उदाहरण हैं।

शुवेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ के सिद्धांत को व्यवहारिक रूप से लागू किया है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए ‘लखपति दीदी’, ‘नारी शक्ति वंदन’ तथा अन्य योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया है।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत देशभर में लगभग 14 करोड़ शौचालयों का निर्माण किया गया, जिससे महिलाओं के सम्मान और स्वच्छता को नई मजबूती मिली। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 5 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए, जिनमें अधिकांश आवास महिलाओं के नाम पर पंजीकृत किए गए हैं।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 82 करोड़ लोगों को प्रतिमाह निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से किया गया है। पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना जैसी योजनाएं भी करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
कृषि क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), उर्वरक सहायता और सिंचाई सुविधाओं का लाभ मिला है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के माध्यम से उन क्षेत्रों में भी सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया गया है, जहां पहले किसान केवल वर्षा पर निर्भर थे।
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में देश में राष्ट्रीय राजमार्गों की कुल लंबाई 91,287 किलोमीटर थी, जो अब बढ़कर 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक हो चुकी है। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की गति 11.6 किलोमीटर प्रतिदिन से बढ़कर 34 किलोमीटर प्रतिदिन तक पहुंच गई है।
उन्होंने चिनाब रेल पुल, अटल टनल और नए पंबन ब्रिज जैसी ऐतिहासिक परियोजनाओं को भारत की इंजीनियरिंग क्षमता और विकास दृष्टि का प्रतीक बताया। रेलवे के आधुनिकीकरण की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे के ब्रॉडगेज नेटवर्क का 99 प्रतिशत से अधिक विद्युतीकरण पूरा किया जा चुका है, जिससे परिवहन व्यवस्था अधिक आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनी है।
अपने संबोधन के अंत में शुवेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज आत्मनिर्भरता, विकास और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियां देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं।
