कोलकाता में दर्दनाक हादसा! निर्माणाधीन गोदाम का शेड गिरा, 5 की मौत, मलबे में फंसे मजदूरों की चीखों के बीच रेस्क्यू जारी
कोलकाता। दक्षिण कोलकाता के तारातला ट्रांसपोर्ट डिपो के पास बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब निर्माणाधीन गोदाम का शेड अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 50 से 55 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार हादसे के समय गोदाम में कंक्रीट ढलाई का कार्य चल रहा था। अचानक शेड गिरने से वहां काम कर रहे मजदूर और कर्मचारी मलबे के नीचे दब गए। अब तक 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि कई अन्य लोगों की तलाश जारी है। घायलों में से 9 को कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद कोलकाता पुलिस, डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप, सिविल डिफेंस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज और सेना की टीमें मौके पर पहुंच गईं। भारी मलबे को हटाने के लिए क्रेन और अन्य मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। वहीं लोहे की मोटी छड़ों को गैस कटर से काटकर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मलबे में दबे कई मजदूरों की आवाजें सुनाई दे रही हैं। बचाव कार्य के दौरान एक भावुक कर देने वाला दृश्य भी सामने आया, जब मलबे में फंसा एक मजदूर दर्द से कराहते हुए अपनी जान बचाने की गुहार लगाता रहा। रेस्क्यू टीम लगातार उसे सुरक्षित निकालने की कोशिश में जुटी रही।
हादसे की सूचना मिलते ही राज्य सरकार के मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रभावित लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस जमीन पर गोदाम का निर्माण हो रहा था, वह ओडिशा के एक व्यवसायी की बताई जा रही है, जिसे एक निजी फर्म को लीज पर दिया गया था।
फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और प्रशासन का पूरा ध्यान मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर केंद्रित है।
