कोलकाता से कांग्रेस के 'छात्र की गूंज' अभियान का आगाज, सुप्रिया श्रीनेत ने Gen Z को दिया संदेश, मीडिया के सवालों का भी दिया जवाब
कोलकाता। इंडियन नेशनल कांग्रेस ने देशभर में युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना 40 दिवसीय "छात्र की गूंज" अभियान शुरू कर दिया है। यह अभियान देश के 28 प्रमुख शहरों में आयोजित किया जाएगा, जहां छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों, कोचिंग संस्थानों, कॉलेज परिसरों, पुस्तकालयों और युवा समूहों के बीच संवाद स्थापित किया जाएगा।
अभियान की शुरुआत कोलकाता से हुई, जहां कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने युवाओं, विशेषकर Gen Z को संबोधित करते हुए शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, परिणामों में देरी और रुकी हुई भर्तियों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है।
कार्यक्रम के दौरान सुप्रिया श्रीनेत ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है।
इस अवसर पर उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए पत्रकारों के विभिन्न सवालों के जवाब भी दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह अभियान देशभर के युवाओं की आवाज को मजबूती देने और उनकी समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का प्रयास है।
कांग्रेस के अनुसार, आगामी 40 दिनों तक यह अभियान देश के विभिन्न शहरों में चलाया जाएगा, जहां छात्रों और नौकरी के इच्छुक युवाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को एकत्रित किया जाएगा।
