वाराणसी में ऑटो चालकों ने उठाई क्यूआर कोड व्यवस्था बहाल करने की मांग, अवैध वसूली पर जांच की मांग तेज
वाराणसी। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने और बिना परमिट संचालित वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश ऑटो रिक्शा/थ्री व्हीलर चालक यूनियन ने पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। यूनियन ने क्यूआर कोड व्यवस्था को दोबारा प्रभावी ढंग से लागू करने के साथ-साथ कथित अवैध वसूली और सूचना लीक होने के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
यूनियन के जिला अध्यक्ष ईश्वर सिंह ने कहा कि जब क्यूआर कोड प्रणाली लागू थी, तब ऑटो और थ्री व्हीलर संचालन में काफी अनुशासन देखने को मिला था। इससे शहर में जाम की समस्या कम हुई थी और स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को भी सुविधा मिली थी।
ये भी पढ़े - भाजपा ने अशोक चौरसिया को सौंपी काशी क्षेत्र की कमान, नई प्रदेश टीम में मिली बड़ी जिम्मेदारी
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि वर्तमान समय में कई स्थानों पर बिना परमिट वाहन खुलेआम संचालित हो रहे हैं। साथ ही कुछ एजेंटों द्वारा ऐसे वाहनों से प्रतिमाह कथित रूप से अवैध वसूली किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिससे नियमों का पालन करने वाले वाहन चालक भी प्रभावित हो रहे हैं।
यूनियन ने यह भी आरोप लगाया कि चेकिंग अभियान शुरू होने से पहले ही कुछ लोगों तक इसकी सूचना पहुंच जाती है। दावा किया गया कि व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से बिना परमिट वाहन चालकों को पहले से अलर्ट कर दिया जाता है, जिससे कार्रवाई का असर कम हो जाता है और नियम तोड़ने वाले बच निकलते हैं।
पुलिस आयुक्त को दिए गए ज्ञापन में क्यूआर कोड व्यवस्था को पुनः लागू करने, बिना परमिट संचालित वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, कथित अवैध वसूली करने वालों की जांच कराने, सूचना लीक करने वाले नेटवर्क की पड़ताल करने तथा बिना पूर्व सूचना के औचक चेकिंग अभियान चलाने की मांग की गई है।
यूनियन का कहना है कि वाराणसी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र होने के साथ विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी भी है। ऐसे में शहर की यातायात व्यवस्था को पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।