CM Yogi in Varanasi: दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुचें सीएम योगी, जनकल्याण योजनाओं का करेंगे उद्घाटन
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को वाराणसी में जनकल्याण योजनाओं का महाकुंभ आयोजित किया जाएगा। चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र और अन्य लाभ वितरित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने वाराणसी दौरे के दौरान सबसे पहले कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगे और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन करेंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, श्रम, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी, पंचायती राज, मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कौशल विकास मिशन, सेवायोजन विभाग और नेडा समेत कई विभाग भाग ले रहे हैं।
महाकुंभ में ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ थीम भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। बनारस की प्रसिद्ध लस्सी, तिरंगा बर्फी, लौंगलता और पान का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं ओडीओपी योजना के तहत गुलाबी मीनाकारी और लकड़ी के खिलौनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
ये भी पढ़ें - मुख्यमंत्री योगी के वाराणसी दौरे को लेकर ट्रैफिक अलर्ट, 12-13 जून को कई प्रमुख मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना सहित शहर में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा वे काशी हिंदू विश्वविद्यालय स्थित निर्माणाधीन नेशनल एजिंग सेंटर का भी निरीक्षण करेंगे।
मुख्यमंत्री शनिवार को बीएचयू में आयोजित विज्ञान भारती के सातवें राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल होंगे, जहां देशभर के वैज्ञानिक, शिक्षाविद और शोधकर्ता भाग लेंगे।
ये भी पढ़ें - बीएचयू में होगा विज्ञान भारती का 7वां राष्ट्रीय अधिवेशन, 1200 वैज्ञानिक और विशेषज्ञ करेंगे मंथन
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बड़ी संख्या में लाभार्थियों और आम नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं।