UP Weather Disaster: आंधी-तूफान ने ली 96 लोगों की जान, कई जिलों में भारी तबाही
May 14, 2026, 14:28 IST
UP Weather Disaster: उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में मौसम के कहर से अब तक 96 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। तेज हवाओं, ओलावृष्टि और बारिश ने गांव से लेकर शहर तक भारी नुकसान पहुंचाया है।
सबसे अधिक मौतें भदोही में दर्ज की गईं, जहां 18 लोगों की जान चली गई। प्रयागराज में 17 और मिर्जापुर में 15 लोगों की मौत हुई है। फतेहपुर में 10, उन्नाव और बदायूं में 6-6, प्रतापगढ़ और बरेली में 4-4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं सीतापुर, रायबरेली, कानपुर देहात, चंदौली, हरदोई और संभल में 2-2 लोगों की जान गई। कौशांबी, शाहजहांपुर, सोनभद्र और लखीमपुर खीरी में भी एक-एक मौत दर्ज की गई है।
तूफान के चलते कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कच्चे और पक्के मकानों को नुकसान पहुंचा है। सैकड़ों पशुओं की मौत की भी खबर है। वहीं बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।