सच में विमान के पंख पर बैठा था सांप? वायरल वीडियो बना चर्चा का विषय

 
 प्लेन के पंख पर सांप देखकर यात्रियों के उड़े होश? वायरल वीडियो की हो रही जांच

Snake on Airplane Wing Viral Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक हैरान कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उड़ान भर रहे एक हवाई जहाज के पंख पर एक सांप दिखाई दे रहा है, जिसे देखकर लोग आश्चर्य में पड़ गए हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया मंच एक्स (X) पर साझा किए जाने के बाद तेजी से वायरल हुआ और लाखों लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। हालांकि, अब तक यह पुष्टि नहीं हो सकी है कि यह वीडियो कब और कहां का है।

वीडियो में एक विमान आसमान में उड़ता हुआ दिखाई देता है। इसी दौरान उसके पंख के पास काले-भूरे रंग का एक सांप अपना सिर और शरीर का कुछ हिस्सा बाहर निकाले हुए नजर आता है। सांप का फन फैला हुआ दिखाई देता है, जिससे दृश्य और भी चौंकाने वाला बन जाता है। वीडियो में ऐसा भी प्रतीत होता है कि तेज हवा के दबाव के बीच सांप खुद को संतुलित रखने की कोशिश कर रहा है।

हालांकि, इस वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। यही वजह है कि इसे लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का मानना है कि इतनी ऊंचाई और विमान की तेज रफ्तार के बीच किसी सांप का इस तरह पंख पर टिके रहना बेहद मुश्किल है, इसलिए यह वीडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) या डिजिटल संपादन से तैयार किया गया हो सकता है।

वहीं, कुछ यूजर्स ने इसे लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी जताई हैं। उनका कहना है कि यदि वीडियो वास्तविक है, तो यह विमान की ग्राउंड सुरक्षा और निरीक्षण प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है। हालांकि, विमानन विशेषज्ञों या संबंधित अधिकारियों की ओर से इस वीडियो पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। जब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं होती, इसे केवल एक वायरल वीडियो के रूप में ही देखा जाना चाहिए।