Railway Recruitment 2026: रेलवे में नौकरी का मौका, 10वीं-आईटीआई पास युवाओं के लिए 4651 पद
Railway Recruitment 2026: रेलवे में प्रशिक्षण के माध्यम से करियर की शुरुआत करने के इच्छुक युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे रिक्रूटमेंट सेल (RRC) के नॉर्दर्न रेलवे जोन ने अप्रेंटिस के 4651 पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती की खास बात यह है कि अभ्यर्थियों को चयन के लिए किसी लिखित परीक्षा या इंटरव्यू में शामिल नहीं होना होगा। उम्मीदवारों का चयन 10वीं और आईटीआई में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट के जरिए किया जाएगा।
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 11 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन नॉर्दर्न रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जाएगा। यह भर्ती अप्रेंटिस एक्ट 1961 के तहत की जा रही है, जिसके अंतर्गत चयनित युवाओं को रेलवे के विभिन्न डिवीजन, वर्कशॉप और यूनिट में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
लखनऊ क्लस्टर में सबसे ज्यादा पद
नॉर्दर्न रेलवे की इस भर्ती में कुल 4651 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें लखनऊ क्लस्टर में सबसे अधिक 1525 पद हैं। दिल्ली क्लस्टर में 1312, अंबाला में 979 और फिरोजपुर क्लस्टर में 740 पदों पर भर्ती होगी। इसके अलावा मुरादाबाद क्लस्टर में 63 और जम्मू क्लस्टर में 32 पद निर्धारित किए गए हैं।
10वीं के साथ आईटीआई होना जरूरी
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही संबंधित ट्रेड में आईटीआई प्रमाणपत्र होना चाहिए। आईटीआई की योग्यता NCVT या SCVT से मान्यता प्राप्त संस्थान से होनी जरूरी है।
आयु सीमा की बात करें तो अभ्यर्थी की न्यूनतम उम्र 15 वर्ष और अधिकतम उम्र 24 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को पांच वर्ष, जबकि अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को तीन वर्ष की छूट दी जाएगी।
मेरिट के आधार पर होगा चयन
इस भर्ती में उम्मीदवारों को किसी प्रकार की लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं देना होगा। चयन के लिए 10वीं और आईटीआई में प्राप्त अंकों को समान महत्व दिया जाएगा। दोनों परीक्षाओं के अंकों का औसत निकालकर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। मेरिट में स्थान पाने वाले अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद निर्धारित चिकित्सा मानकों को पूरा करना भी जरूरी होगा।
100 रुपये आवेदन शुल्क निर्धारित
सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार सबसे पहले नॉर्दर्न रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां Apprentice Recruitment 2026 के लिंक पर क्लिक कर ऑनलाइन पंजीकरण करें। इसके बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें। आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने के बाद निर्धारित शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट कर दें। आवेदन पूरा होने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
ट्रेनिंग के बाद स्थायी नौकरी की गारंटी नहीं
अभ्यर्थियों को ध्यान रखना होगा कि यह भर्ती नियमित सरकारी नौकरी के लिए नहीं, बल्कि अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के लिए है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद रेलवे में स्थायी नियुक्ति की गारंटी नहीं होगी। इसलिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक अधिसूचना में पात्रता, ट्रेड, चयन प्रक्रिया और अन्य शर्तों की जांच अवश्य कर लेनी चाहिए।