मंगल ग्रह पर आखिर कैसे बनीं आलू के चिप्स जैसी चट्टानें? NASA कर रहा गहन जांच
अमेरिका। मंगल ग्रह की सतह पर वैज्ञानिकों को कुछ ऐसी अनोखी चट्टानी संरचनाएं मिली हैं, जिनका आकार आलू के चिप्स जैसा दिखाई देता है। इन मुड़ी हुई और गोलाकार आकृतियों ने वैज्ञानिकों का ध्यान आकर्षित किया है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) का क्यूरियोसिटी रोवर इन संरचनाओं की बनावट, उत्पत्ति और रासायनिक संरचना का पता लगाने में जुटा है।
नासा के मुताबिक, इन असामान्य संरचनाओं का अध्ययन मंगल ग्रह के 'नाज्का' (Nazca) नामक ड्रिलिंग स्थल पर किया जा रहा है। यह क्षेत्र अपनी चट्टानों के भीतर मौजूद डिस्क के आकार वाली क्रिस्टल संरचनाओं के लिए जाना जा रहा है। रोवर से प्राप्त तस्वीरों में चट्टानों के बीच उभरी हुई अनियमित और मुड़ी हुई आकृतियां दिखाई दी हैं, जो देखने में आलू के चिप्स जैसी लगती हैं।
चट्टानों के नमूनों की हो रही जांच
इन संरचनाओं के बारे में अधिक जानकारी जुटाने के लिए क्यूरियोसिटी रोवर ने नाज्का स्थल पर चट्टानों की ड्रिलिंग कर नमूने एकत्र किए हैं। इन नमूनों को रोवर में मौजूद सैंपल एनालिसिस एट मार्स (SAM) उपकरण तक पहुंचाया गया है। यह एक विशेष प्रयोगशाला की तरह काम करता है, जो मंगल ग्रह से जुटाए गए पदार्थों की रासायनिक संरचना का विश्लेषण कर सकती है।
इसके अलावा वैज्ञानिकों ने 'कोल्का' (Colca) नाम से चिह्नित एक अन्य क्रिस्टल संरचना की जांच के लिए रोवर के केमकैम (ChemCam) उपकरण का इस्तेमाल करने की योजना बनाई। इसमें लेजर आधारित तकनीक के जरिए चट्टानों के रासायनिक तत्वों का अध्ययन किया जाता है।
रात में अल्ट्रावायलेट रोशनी से भी होगी तस्वीरें
वैज्ञानिक इन संरचनाओं की बारीक बनावट को समझने के लिए रोवर पर लगे मार्स हैंड लेंस इमेजर (MAHLI) कैमरे की मदद भी ले रहे हैं। इस कैमरे के जरिए सफेद रोशनी और अल्ट्रावायलेट एलईडी लाइट की सहायता से रात के समय भी चट्टानों की नजदीकी तस्वीरें लेने की योजना बनाई गई है। इससे इनकी सतह और आंतरिक बनावट से जुड़ी अहम जानकारियां मिल सकती हैं।
2012 से मंगल की सतह पर सक्रिय है क्यूरियोसिटी
नासा का क्यूरियोसिटी रोवर अगस्त 2012 में मंगल ग्रह पर उतरा था। तब से यह ग्रह की सतह, चट्टानों, मिट्टी और जलवायु का अध्ययन कर रहा है। इसके प्रमुख उद्देश्यों में यह पता लगाना भी शामिल है कि क्या मंगल ग्रह पर कभी ऐसे पर्यावरणीय हालात मौजूद थे, जिनमें सूक्ष्मजीवों के जीवन की संभावना हो सकती थी।
नाज्का क्षेत्र में जांच पूरी करने के बाद रोवर को मंगल ग्रह की सतह पर दक्षिण दिशा की ओर अपनी आगे की यात्रा जारी रखनी थी। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि इन असामान्य क्रिस्टल संरचनाओं के अध्ययन से मंगल ग्रह की भूगर्भीय परिस्थितियों और उसके प्राचीन इतिहास को समझने में नई जानकारियां मिलेंगी।