×

सोनभद्र से ओडिशा तक किसानों को बाजार से जोड़ने की पहल, तेजस्वी किसान मार्ट ने बनाया बड़ा नेटवर्क

सोनभद्र से ओडिशा तक किसानों को बाजार से जोड़ने की पहल, तेजस्वी किसान मार्ट ने बनाया बड़ा नेटवर्क

सोनभद्र/लखनऊ। किसानों को खेती तक सीमित रखने के बजाय उन्हें कारोबार और बाजार से जोड़ने की दिशा में तेजस्वी किसान मार्ट ने नई पहल शुरू की है। सोनभद्र निवासी ई. प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में संचालित इस पहल के जरिए अब ओडिशा के किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को भी राष्ट्रीय व्यावसायिक नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी है। इस संबंध में ओडिशा के विभिन्न जिलों के एफपीओ प्रतिनिधियों, निदेशकों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और कृषि विशेषज्ञों के साथ ऑनलाइन संगोष्ठी आयोजित की गई।

तेजस्वी संगठन न्यास के मार्गदर्शन में संचालित तेजस्वी किसान मार्ट की इस पहल का उद्देश्य किसान उत्पादक संगठनों को बाजार, खरीदारों, वितरकों और कृषि उद्योगों से जोड़ना है, ताकि वे अपने उत्पादों की बिक्री के लिए केवल स्थानीय बाजारों पर निर्भर न रहें। संगोष्ठी में संस्थापक ई. प्रकाश पाण्डेय ने एफपीओ के व्यावसायिक विकास, उत्पाद प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, वितरण और सामूहिक व्यापार की कार्ययोजना साझा की।

चार राज्यों में 10 स्टोर, 8 हजार से अधिक एफपीओ नेटवर्क से जुड़े

ई. प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि तेजस्वी किसान मार्ट की पायलट परियोजना के तहत करीब एक वर्ष में चार राज्यों में 10 स्टोर फ्रेंचाइजी स्थापित की गई हैं। इसके साथ ही देशभर के 8,000 से अधिक एफपीओ और एफपीसी के साथ नेटवर्क कनेक्टिविटी विकसित की गई है। अब इस संपर्क को वास्तविक व्यापारिक गतिविधियों में बदलने पर काम किया जा रहा है।

योजना के तहत गांव, ब्लॉक, तहसील, जिला और प्रदेश स्तर पर किसान मार्ट स्टोर स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक जिले में एसोसिएट संस्थान, डिस्ट्रीब्यूटर, कारोबारी सहयोगी और स्वयंसेवकों का नेटवर्क तैयार करने की योजना है। इससे किसान उत्पादक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों और किसान उद्यमियों को स्थानीय उत्पादों की खरीद-बिक्री तथा कृषि निवेश सामग्री की आपूर्ति के लिए एक साझा मंच मिल सकेगा।

12 दिन का प्रशिक्षण, एक साल तक जमीनी स्तर पर मार्गदर्शन

संगोष्ठी में एफपीसी टर्नअराउंड कार्यक्रम की जानकारी भी दी गई। इसके अंतर्गत एफपीसी के अध्यक्ष, निदेशक मंडल, सीईओ और उनकी टीम को 12 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद अगले 12 महीनों तक निर्धारित कार्ययोजना को जमीन पर लागू कराने में मार्गदर्शन किया जाएगा।

प्रशिक्षण में व्यवसाय संचालन, सामूहिक खरीद-बिक्री, उत्पादों का चयन, ब्रांड निर्माण, खरीदारों से संपर्क, बाजार विस्तार और आय के नए स्रोत विकसित करने जैसे विषय शामिल हैं।

ई. प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि एफपीसी का काम केवल पंजीकरण कराने या सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक सीमित नहीं होना चाहिए। प्रत्येक किसान उत्पादक कंपनी को अपना कारोबार खड़ा करने, उत्पादों की पहचान बनाने और बाजार तैयार करने पर ध्यान देना होगा। इसके लिए निदेशक मंडल की सक्रियता, नियमित बैठकें और सामूहिक निर्णय के साथ व्यावसायिक गतिविधियों को आगे बढ़ाना जरूरी है।

कृषि विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में ऑर्गोनैक्स्ट लाइफ साइंस प्राइवेट लिमिटेड के महाप्रबंधक अखिलेश शुक्ला ने कृषि उद्योग और एफपीओ के बीच कारोबारी सहयोग की संभावनाओं पर विचार रखे। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक देवाशीष ने वैज्ञानिक खेती, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन और किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की जरूरत बताई।

ओडिशा के बालासोर, केंझुआर, नयागढ़, रायगढ़ा, बरगढ़, गंजम और केंद्रपाड़ा समेत विभिन्न जिलों के किसान उत्पादक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। इनमें बालीपाल जूट फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी, मा थनापति एफपीसी, गुनूपुर फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी, उत्तलगढ़ एफपीसी और नंदिसुरावी फार्मर्स प्रोड्यूसर्स कंपनी के प्रतिनिधि शामिल रहे।

संगोष्ठी में एफपीओ की ओर से सब्जी, सहजन, कटहल, टमाटर, जूट, दाल और धान के कारोबार से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी गई। कुछ संगठनों ने वर्मीकम्पोस्ट और मूंग दाल प्रसंस्करण इकाई के संचालन के अनुभव भी साझा किए। कृषि निवेश सामग्री, बीज, उर्वरक और जैव उर्वरक की आपूर्ति से जुड़े कार्यों पर भी चर्चा हुई।

प्रतिस्पर्धा के बजाय आपसी सहयोग पर जोर

संगोष्ठी में एफपीओ को अपने क्षेत्र के विशिष्ट कृषि उत्पादों के आधार पर अलग पहचान और ब्रांड विकसित करने का सुझाव दिया गया। साथ ही कहा गया कि किसान उत्पादक संगठन आपस में प्रतिस्पर्धा करने के बजाय सहयोग की व्यवस्था बनाएं। राष्ट्रीय नेटवर्क के जरिए खरीदारों, सप्लायरों, उद्योगों और वितरकों से जुड़कर अपने उत्पादों का कारोबार बढ़ाया जा सकता है।

तेजस्वी किसान मार्ट की योजना किसानों को उत्पादन के साथ-साथ प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, विपणन और वितरण की प्रक्रिया में भी भागीदार बनाने की है। आयोजकों के अनुसार, इस पहल को आगे बढ़ाते हुए हर गांव तक किसान मार्ट की पहुंच बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे एफपीसी को अपना ब्रांड और बाजार विकसित करने में मदद मिल सके।

Share this story