एक दिन के लिए एसपी नॉर्थ बनीं धृति और नैन्सी, फरियादियों की सुनीं समस्याएं
गोरखपुर। महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने और छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से गोरखपुर पुलिस ने अनूठी पहल की। इसके तहत कक्षा 12 की छात्राओं धृति तिवारी और नैन्सी तिवारी को एक दिन के लिए एसपी नॉर्थ की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान दोनों छात्राओं ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी नॉर्थ राजेश गुनावत ने दोनों छात्राओं को पुलिस अधिकारी के दायित्वों और कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए उन्हें जिम्मेदारी निभाने का अवसर दिया। छात्राओं ने शिकायतों की प्रकृति को समझा और पीड़ितों की समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अनुभव के दौरान उन्होंने जाना कि जनसुनवाई में संवेदनशीलता, धैर्य और निष्पक्ष निर्णय की कितनी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इस अवसर पर धृति तिवारी ने कहा कि किसी भी पीड़ित को समस्या होने पर तत्काल पुलिस तक अपनी शिकायत पहुंचानी चाहिए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
दोनों छात्राओं ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के समक्ष होने वाली जनसुनवाई और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को भी करीब से समझा। उन्हें बताया गया कि पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी केवल शिकायत सुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि मामले के तथ्यों को समझना, निष्पक्ष आकलन करना और कानून के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करना भी इसका अहम हिस्सा है।
एसएसपी ने समझाए पुलिस अधिकारियों के दायित्व
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने छात्राओं को पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों, शिकायतों की सुनवाई, निर्णय लेने की प्रक्रिया और पीड़ितों की समस्याओं के समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनना, मामले की संवेदनशीलता को समझना और नियमानुसार कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है।
उन्होंने छात्राओं को पुलिसिंग में निष्पक्षता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के महत्व से भी अवगत कराया। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था की वास्तविक कार्यप्रणाली समझने के साथ ही नेतृत्व, निर्णय क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
दोनों छात्राएं कक्षा 12 की विद्यार्थी
धृति तिवारी पिपराइच क्षेत्र की निवासी हैं। उनके पिता इंजीनियर हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। वहीं, नैन्सी तिवारी पादरी बाजार क्षेत्र की निवासी हैं। उनके पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और उनकी माता गृहिणी हैं। दोनों छात्राएं एकेडमी ग्लोबल, जंगल धूषण में कक्षा 12 में अध्ययनरत हैं।
कार्यक्रम के समापन पर एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी नॉर्थ राजेश गुनावत ने दोनों छात्राओं को सम्मानित किया। इस पहल के जरिए गोरखपुर पुलिस ने छात्राओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाने, जनसमस्याओं को समझने और समाज के प्रति अपनी भूमिका पहचानने के लिए प्रेरित किया। यह अनुभव छात्राओं के लिए यादगार रहा और महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम साबित हुआ।
