15 नवंबर के बाद बदलेगा मौसम, पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड
कानपुर। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। 15 नवंबर के बाद सुबह के समय धुंध का असर बढ़ने की संभावना है। मौसम में होने वाले इस बदलाव के चलते सुबह और रात के तापमान में गिरावट महसूस हो सकती है। वहीं, दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, देश में पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन जैसी मौसमी गतिविधियां सक्रिय हो रही हैं। इनके प्रभाव से अरब सागर की ओर से नमी वाली हवाएं उत्तर भारत तक पहुंच सकती हैं। इसके चलते पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
मौसम में इस बदलाव का असर 15 नवंबर के बाद दिखाई देने की संभावना है। फिलहाल कानपुर में अगले 24 घंटे मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह धुंध और रात में हल्की ठंडक के बीच दोपहर में धूप का असर बना रह सकता है।