सफाई मित्रों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए वाराणसी में शुरू हुई जोनवार शिविर श्रृंखला

 

वाराणसी। नगर निगम ने सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कार्यक्षमता को ध्यान में रखते हुए जोनवार स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजना शिविरों की श्रृंखला शुरू की है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों में सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और पात्रतानुसार लाभ दिलाने की व्यवस्था की जा रही है।

नगर निगम के अनुसार 25 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक शहर के विभिन्न जोनों में कुल आठ शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, समाज कल्याण, दिव्यांगजन कल्याण, श्रम कल्याण और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र सफाई मित्रों को संबंधित योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी की जाएगी।

शिविरों में नेत्र परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए आरके शंकरा नेत्र चिकित्सालय, वाराणसी और सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, चित्रकूट की ओर से चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

इसी क्रम में दशाश्वमेध और वरुणापार जोन में शिविर आयोजित किए गए। नगर निगम के मुताबिक दोनों शिविरों में अब तक कुल 382 सफाई मित्रों ने सहभागिता की है। शिविरों के माध्यम से सफाई मित्रों को उनके कार्यस्थल के आसपास ही स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर निगम ने सफाई मित्रों से निर्धारित तिथियों पर आयोजित होने वाले शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और पात्रतानुसार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।