वाराणसी में महिला आयोग की जनसुनवाई, 20 लाख की ठगी और गलत ऑपरेशन का पहुंचा मामला
वाराणसी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या गीता विश्वकर्मा ने गुरुवार को सर्किट हाउस में जनसुनवाई कर महिलाओं की समस्याएं सुनीं। इस दौरान महिला अपराध शाखा की एडीसीपी नम्रिता श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम अधिकारी डीके सिंह एवं एसीएम फर्स्ट शिवांगी सिंह भी मौजूद रहीं।
मीडिया से बातचीत में गीता विश्वकर्मा ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि कुछ प्रकरण अभी लंबित हैं। उन्होंने कहा कि आयोग के सामने एक गंभीर मामला 20 लाख रुपये की ठगी का आया है, जिसमें पारिवारिक विवाद के बीच नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया गया है।
इसके अलावा जिला अस्पताल से जुड़ा एक अन्य मामला भी सुनवाई में आया, जिसमें एक महिला ने पथरी के ऑपरेशन में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। पीड़िता के अनुसार ऑपरेशन सही तरीके से नहीं हुआ, जिसके बाद उसे सर सुंदरलाल चिकित्सालय में दोबारा सर्जरी करानी पड़ी। महिला का कहना है कि इस इलाज में करीब ढाई लाख रुपये खर्च हुए। पीड़िता ने महिला आयोग से संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गीता विश्वकर्मा ने कहा कि महिला उत्पीड़न, जमीन विवाद और घरेलू हिंसा से जुड़े मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिनकी गंभीरता से सुनवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि आयोग की ओर से शुक्रवार को चौपाल लगाकर भी महिलाओं की समस्याएं सुनी जाएंगी, ताकि पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सके।