मोबाइल चैट के विवाद में महिला की हत्या, शव के किए तीन टुकड़े! पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार...

जौनपुर में मोबाइल चैट को लेकर हुए विवाद में वाराणसी की महिला की हत्या कर शव के तीन टुकड़े कर दिए गए। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
 

जौनपुर, उत्तर प्रदेश। जौनपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। वाराणसी निवासी 38 वर्षीय रेशमा खां उर्फ सना की मोबाइल फोन पर चैट को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी हेमल खखरिया उर्फ दिलीप ने पहले महिला की गला रेतकर हत्या की और पहचान छिपाने के लिए शव के तीन टुकड़े कर दिए।

 

दो किलोमीटर के दायरे में फेंके शव के हिस्से

जांच में सामने आया कि आरोपी ने बाजार से काली पॉलिथीन और गड़ासा खरीदकर शव के टुकड़े किए। इसके बाद शव के अलग-अलग हिस्सों को जौनपुर के मड़ियाहूं क्षेत्र में लगभग दो किलोमीटर के दायरे में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। रविवार सुबह शव का एक हिस्सा मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

 

पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ आरोपी

शव की पहचान और आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध बाइक से इलाके में मौजूद है। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा और कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए गए।

पूछताछ में कबूला हत्या का जुर्म

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि चार जुलाई को वह रेशमा को अपने किराए के कमरे पर लाया था। मोबाइल चैट देखने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में उसने महिला की हत्या कर दी और शव के टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए।

नौकरी दिलाने के बहाने हुई थी पहचान

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रेशमा को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। दोनों की पहचान करीब छह महीने पहले हुई थी और इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा। रेशमा समय-समय पर जौनपुर आती-जाती थी।

 

पति ने निष्पक्ष जांच की मांग की

मृतका के पति रहीम खान ने इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि घटना में केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।