वाराणसी में पति से कहासुनी के बाद महिला ने दी जान, जांच में जुटी पुलिस

 फंदे से लटकी मिली 35 वर्षीय महिला, पति से कहासुनी के बाद उठाया कदम
 
 कहासुनी के बाद महिला ने फंदे से लटककर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

वाराणसी। पिंडरा तहसील के फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियांव (धनखरी) गांव में शनिवार देर रात पति-पत्नी के बीच हुई कहासुनी के बाद एक महिला ने फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

करखियांव (धनखरी) गांव निवासी उदयभान यादव की पत्नी रिंकी यादव (35) शनिवार रात अपने पति के साथ कमरे में सो रही थीं। बताया जा रहा है कि रात में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों सो गए। देर रात उदयभान की नींद खुली तो रिंकी बिस्तर पर नहीं थीं। तलाश करने पर वह मकान की दूसरी मंजिल स्थित एक कमरे में साड़ी के सहारे फंदे से लटकी मिलीं।

परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें फंदे से नीचे उतारा और उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पिंडरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के भाई राहुल की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना के संबंध में परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी है।

बताया गया कि रिंकी यादव की शादी वर्ष 2009 में उदयभान यादव से हुई थी। उनका मायका जौनपुर जिले के रतनूपुर गांव में है। रिंकी के दो बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब 13 और 11 वर्ष है। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है।