काशी में बदला मौसम का मिजाज, आंधी और बारिश से मिली राहत
वाराणसी। काशी में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होता नजर आ रहा है। रविवार को दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे। अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने के साथ वाराणसी उत्तर प्रदेश का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। वहीं शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और तेज आंधी, बिजली की चमक तथा झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार शाम करीब 20 मिनट तक हुई लगातार बारिश के दौरान इस मानसून सत्र की अब तक की सर्वाधिक 8.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान करीब 41 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं। हालांकि बारिश के बावजूद तापमान में केवल दो से तीन डिग्री सेल्सियस की ही कमी दर्ज की गई।
रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक 39.1 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक 30.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम में नमी बढ़ने के कारण दिनभर उमस का असर बना रहा।
मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार के लिए वाराणसी में यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश तथा कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने की संभावना है।
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से मानसूनी गतिविधियां तेज हो रही हैं। इसके प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में आगामी दिनों में अच्छी वर्षा होने की संभावना है।