वाराणसी में विश्व हिंदू रक्षा परिषद का प्रदर्शन, पप्पू यादव का पुतला फूंका, सख्त कार्रवाई की मांग!

वाराणसी में विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने पप्पू यादव का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। संगठन ने सनातन धर्म और संत समाज के सम्मान की बात करते हुए प्रशासन से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
 

वाराणसी। संसद परिसर में संत वेशभूषा को लेकर हुए राजनीतिक विवाद के विरोध में रविवार को वाराणसी मुख्यालय स्थित प्रदर्शन स्थल पर विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने संगठन के झंडे और बैनर के साथ विरोध मार्च निकाला तथा सांसद पप्पू यादव का पुतला दहन कर नारेबाजी की।

 

 

प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि सनातन धर्म, साधु-संतों और धार्मिक परंपराओं का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संगठन लगातार लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाता रहेगा और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करता रहेगा।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ भी नारेबाजी की।

संगठन के नेताओं का कहना था कि जिन बयानों या गतिविधियों से करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं प्रभावित होती हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

विश्व हिंदू रक्षा परिषद के पदाधिकारियों ने प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति और संत समाज का सम्मान भारतीय परंपरा का अभिन्न हिस्सा है और इसका अपमान किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले वाराणसी में संत समाज की ओर से सांसद पप्पू यादव, राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं के खिलाफ कोतवाली थाने में तहरीर भी दी जा चुकी है।

अब विश्व हिंदू रक्षा परिषद के प्रदर्शन के बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।