मोबाइल बरामदगी में वाराणसी जोन ने रचा इतिहास, पूरे यूपी में मिला पहला स्थान

मोबाइल बरामदगी में वाराणसी जोन पुलिस प्रदेश में अव्वल, 100 दिन में 3881 फोन बरामद
 
8.14 करोड़ रुपये आंकी गई बरामद मोबाइल की कीमत, नौ जिलों की पुलिस टीमों ने चलाया विशेष अभियान

वाराणसी। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में वाराणसी जोन पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। एक अगस्त से सात नवंबर तक चलाए गए 100 दिवसीय विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 3881 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 8 करोड़ 14 लाख रुपये बताई गई है। सितंबर महीने के मोबाइल रिकवरी स्कोर के आंकड़ों के आधार पर वाराणसी जोन प्रदेश के सभी पुलिस जोन में शीर्ष स्थान पर रहा।

अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) वाराणसी जोन नवीन अरोरा ने बताया कि अभियान के तहत जोन के सभी नौ जनपदों की पुलिस टीमों ने समन्वित तरीके से कार्रवाई की। इस दौरान केंद्र सरकार के संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग की ओर से विकसित सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को आधार बनाकर गुम मोबाइल फोन की तलाश की गई।

जिलावार आंकड़ों के अनुसार, जौनपुर में सर्वाधिक 949 मोबाइल फोन बरामद किए गए। आजमगढ़ में 783, सोनभद्र में 436, गाजीपुर में 379, मऊ में 365, चंदौली में 285, बलिया में 244, मिर्जापुर में 224 और भदोही में 216 मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस टीमों ने तकनीकी सहायता और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें बरामद किया।

एडीजी नवीन अरोरा ने आम नागरिकों से अपील की कि मोबाइल फोन खोने या चोरी होने पर घबराने के बजाय तत्काल इसकी शिकायत दर्ज कराएं। इसके लिए संचार साथी की आधिकारिक वेबसाइट www.sancharsaathi.gov.in पर उपलब्ध सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), संबंधित थाने अथवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी प्रार्थना पत्र देकर सहायता ली जा सकती है।

उन्होंने लोगों को मोबाइल फोन का आईएमईआई नंबर सुरक्षित रखने की सलाह दी। इससे फोन की पहचान करने और उसकी बरामदगी की प्रक्रिया में मदद मिलती है। वाराणसी जोन पुलिस की यह उपलब्धि तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल और विभिन्न जनपदों की पुलिस टीमों के समन्वित प्रयास का परिणाम मानी जा रही है।