Varanasi Weather News: भीषण गर्मी से तपा बनारस, लू का 'रेड अलर्ट' और बारिश की आस

वाराणसी में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड। 44.3 डिग्री के साथ काशी बना देश का 5वां सबसे गर्म शहर। जानें मौसम विभाग की बारिश और लू की चेतावनी।
 

वाराणसी।  धर्म नगरी काशी इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। शुक्रवार को वाराणसी का पारा 44.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया, जिसने इसे देश का 5वां और उत्तर प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर बना दिया। मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल के महीने में ही तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है, जो अमूमन मई या जून के अंत में देखने को मिलता है।

गर्मी का मुख्य कारण: महाराष्ट्र का प्रतिचक्रवात

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, महाराष्ट्र के ऊपर बने एक प्रतिचक्रवात (Anticyclone) के कारण हवाओं की गति धीमी हो गई है, जिससे गर्मी और अधिक भीषण महसूस हो रही है। दोपहर के समय 20 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाएं 'लू' (Heatwave) का अहसास करा रही हैं।

प्रतिचक्रवात किसे कहते हैं

प्रति-चक्रवात (Anticyclone) उच्च वायुदाब का एक ऐसा क्षेत्र है, जिसके केंद्र में वायुदाब अधिक और परिधि (बाहरी हिस्से) की ओर कम होता है। यह चक्रवात के विपरीत होता है, जिसमें हवाएं केंद्र से बाहर की ओर चलती हैं और मौसम साफ, शुष्क व शांत रहता है। इसमें उत्तरी गोलार्ध में हवाएं दक्षिणावर्त (clockwise) और दक्षिणी गोलार्ध में वामावर्त (anti-clockwise) दिशा में चलती हैं।

 

अगले 3 दिनों का पूर्वानुमान: राहत या आफत?

26 अप्रैल: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना है, जिसका आंशिक असर वाराणसी में भी दिख सकता है। तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

27 अप्रैल: पूर्वी यूपी के जिलों में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

28 अप्रैल के बाद: लू की स्थिति फिर से गंभीर हो सकती है, हालांकि छिटपुट बारिश से उमस बढ़ सकती है।