वाराणसी: बिर्दोपुर स्थित तड़वावीर बाबा मंदिर में वार्षिक श्रृंगार पर उमड़ा आस्था का सैलाब

 

वाराणसी। नवरात्रि के पावन अवसर पर बिर्दोपुर स्थित प्राचीन तड़वावीर बाबा मंदिर में सप्तमी के दिन वार्षिक श्रृंगार का आयोजन पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा के भव्य श्रृंगार, आरती एवं भोग के साथ हुई। इसके पश्चात हजारों श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। दूर-दूर से पहुंचे भक्तों ने बाबा के दर्शन कर अपने उज्ज्वल भविष्य और सुख-समृद्धि की कामना की।

आयोजन समिति के प्रमुख रजत यादव ने बताया कि यह मंदिर कई वर्षों पुराना है और हर वर्ष नवरात्रि की सप्तमी तिथि पर बाबा का विशेष श्रृंगार एवं प्रसाद वितरण किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में हर साल श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो लोगों की आस्था का प्रतीक है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में वाराणसी विकास प्राधिकरण के सदस्य अम्बरीष सिंह ‘भोला’ उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में भेलूपुर थाना प्रभारी निरीक्षक, अजय सिंह, युवा समाजसेवी अमित कुशवाहा, महमूरगंज चौकी प्रभारी, अमन अग्रहरि, योगेश विश्वकर्मा एवं गोविंद कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे भव्य और सफल आयोजन बताया।