नया घाट पर नाव बांधने को लेकर खूनी संघर्ष, चाकूबाजी में नाविक घायल, भाई को भी पीटा

 
पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर हुई घटना, कई लोगों के खिलाफ थाने में दी गई तहरीर

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियानाला घाट पर नाव बांधने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और चाकूबाजी शुरू हो गई। घटना में सागर साहनी (30) गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके छोटे भाई आकाश साहनी (28) को भी लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया। आरोप है कि हमलावर घटना के बाद मौके से फरार हो गए।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, विवाद नाव बांधने की जगह को लेकर शुरू हुआ था। मारपीट के दौरान सागर पर चाकू से हमला किया गया। भाई को बचाने पहुंचे आकाश को भी कई युवकों ने घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

घटना के बाद घायल पक्ष ने आदमपुर थाने पहुंचकर राजकुमार साहनी, उसके सहयोगी बबलू, विष्णु, किशन, अशोक, छोटे लाल, गोलू समेत आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। पीड़ितों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

घाट पर नाव बांधने को लेकर पहले भी होते रहे हैं विवाद

स्थानीय लोगों का कहना है कि तेलियानाला घाट पर नाव बांधने के लिए कोई निर्धारित व्यवस्था नहीं है। इसी वजह से जगह को लेकर नाविकों के बीच आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है। आरोप है कि घाट पर नाव लगाने और जगह पर कब्जा जमाने को लेकर वर्चस्व की लड़ाई होती है, जो कई बार मारपीट तक पहुंच जाती है।

स्थानीय लोगों ने घाट पर अवैध ऑटो और ई-रिक्शा स्टैंड संचालित होने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि घाट पर अव्यवस्थित गतिविधियों के कारण आए दिन तनाव बना रहता है। हालांकि, पुलिस की मिलीभगत और अवैध वसूली से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

चौकी बनने के बाद भी नहीं थम रहीं घटनाएं

घाट पर नाविकों के बीच विवाद और अराजकता की शिकायतों के बाद कुछ महीने पहले पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर यहां पुलिस चौकी स्थापित की गई थी। इसके बावजूद मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी घाट पर कई विवाद हो चुके हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाया।

घटना के बाद एक बार फिर घाट पर सुरक्षा व्यवस्था और नाव बांधने के लिए निर्धारित स्थान तय करने की मांग उठने लगी है। लोगों का सवाल है कि पुलिस चौकी के इतने करीब विवाद और चाकूबाजी की घटना कैसे हो गई? फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच का इंतजार है।