वाराणसी: STF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1 कुंतल से अधिक गांजा बरामद, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
वाराणसी। वाराणसी में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ और कैंट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में टीम ने एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से कुल 1.07 कुंतल गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 55 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा तस्कर के पास से एक कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद निवासी अजय गिरी के रूप में हुई है। यह कार्रवाई 26 अप्रैल की रात करीब 1:58 बजे कैंट थाना क्षेत्र के वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर पुलवरिया पुल से लगभग 200 मीटर आगे की गई।
एसटीएफ को पहले से सूचना मिल रही थी कि अन्य राज्यों से बड़ी मात्रा में गांजा लाकर पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में सप्लाई किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन की घेराबंदी कर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह उड़ीसा से गांजे की खेप लाकर मऊ और आसपास के जिलों में सप्लाई करता था। वह महीने में कई बार इस अवैध कारोबार को अंजाम देता था और इससे लाखों रुपये का मुनाफा कमाता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।