कैंट स्टेशन के पास हाईवोल्टेज ड्रामा! राहगीरों से विवाद के बाद छह महिलाओं को पुलिस ने दबोचा

 
 सिगरा पुलिस ने रोडवेज क्षेत्र में की कार्रवाई, समझाने के बाद भी नहीं मानी महिलाएं; शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएसएस के तहत गिरफ्तारी

वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के पास सार्वजनिक स्थान पर राहगीरों से विवाद और हंगामा करने के आरोप में सिगरा पुलिस ने छह महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, महिलाएं पिलर नंबर 60 के पास आने-जाने वाले लोगों को परेशान कर रही थीं और आपस में भी विवाद कर रही थीं।

सूचना मिलने पर मिशन शक्ति टीम मौके पर पहुंची और उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं होने पर पुलिस ने कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। काशी जोन के वरिष्ठ अधिकारियों और सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के नेतृत्व में सिगरा पुलिस को कैंट रेलवे स्टेशन के पास महिलाओं के हंगामे की सूचना मिली थी।

सूचना पर रोडवेज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विकास सिंह मिशन शक्ति टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां कुछ महिलाएं सार्वजनिक स्थान पर राहगीरों से अभद्रता और आपस में विवाद करती मिलीं।

पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाकर शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं मानीं। इसके बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए छह महिलाओं को 18 नवंबर 2026 को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135 के तहत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं की पहचान गोपनीय रखने के लिए काल्पनिक नाम जारी किए हैं। इनमें पारो देवी, सोना, मुस्कान, गुलाबो, फूलमती और सबिता शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, ये महिलाएं चंदौली, वाराणसी, पश्चिम बंगाल, बिहार और आजमगढ़ की रहने वाली हैं। सभी की उम्र लगभग 30 से 52 वर्ष के बीच बताई गई है।

कार्रवाई करने वाली टीम में सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, रोडवेज चौकी प्रभारी विकास सिंह, उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार बंधु, मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक काजोल सिंह, महिला उपनिरीक्षक डाली साहू, एंटी रोमियो टीम की महिला आरक्षी छाया और दीपांजली सहित आरक्षी नरेंद्र कुमार और अनिल कुमार पटेल शामिल रहे।

सिगरा पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।