वाराणसी में 12.50 लाख की सोने की चेन चोरी का खुलासा, 200 CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी गिरफ्तार

 

वाराणसी। सिगरा थाना पुलिस ने करीब 12.50 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब 74 ग्राम वजन की सोने की चेन बरामद हुई है। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए पुलिस उपायुक्त काशी जोन की ओर से 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 की रात अविनाश प्रताप सिंह अपनी पत्नी और साथी फैजान के साथ पार्टी से घर लौट रहे थे। कैंट बस स्टैंड के सामने पिलर नंबर 42 के पास उनकी कार के शीशे से मोटरसाइकिल सवार कुछ लोगों की गाड़ी टकराने को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद मौके पर धक्का-मुक्की और मारपीट हुई, जिसमें फैजान को चोट भी आई।

इसी दौरान अविनाश प्रताप सिंह के गले में पहनी सोने की चेन टूटकर गिर गई। आरोप है कि मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने चेन उठा ली और वहां से चला गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए घटनास्थल से संभावित आरोपी के घर तक करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस को बाबूलाल चौरसिया निवासी अनौला हरिजन बस्ती, टकटकपुर के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने 17 सितंबर को उसके घर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाबूलाल चौरसिया पुत्र स्वर्गीय कन्हैया लाल चौरसिया, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी एस-128 अनौला हरिजन बस्ती टकटकपुर, थाना कैंट, वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से पीली धातु की करीब 74 ग्राम वजन वाली चेन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ वाराणसी और प्रयागराज में चोरी, लूट, बरामदगी और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। सिगरा पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।