Varanasi School Timing Changed: वाराणसी में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों का समय बदला, बीएसए ने जारी किया आदेश
वाराणसी। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) वाराणसी ने जनपद के कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव का आदेश जारी किया है। नए आदेश के अनुसार अब सभी विद्यालय सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक संचालित होंगे।
जारी आदेश के मुताबिक यह निर्देश परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य सभी मान्यता प्राप्त बोर्डों के हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।
बीएसए भूपेन्द्र सिंह द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक, शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक निर्धारित समय के अनुसार विद्यालय में उपस्थित होकर शिक्षण कार्य एवं अन्य दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों को निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा है। आदेश की प्रति संबंधित विभागों, जिला विद्यालय निरीक्षक, खंड शिक्षा अधिकारियों तथा सभी विद्यालय प्रबंधन समितियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। साथ ही जनहित में इस सूचना को व्यापक रूप से प्रसारित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।