रास्ते में केक-कोल्ड ड्रिंक खाना पड़ा भारी, खाते ही बिगड़ी हालत चार ,वाराणसी लौट रही स्कूल बस में बिगड़ी छात्राओं की तबीयत
इटावा में पेट्रोल पंप की कैंटीन से खरीदा था पैकेट बंद सामान, औरैया के सीएचसी में कराया गया भर्ती; उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य
वाराणसी। आगरा, मथुरा और वृंदावन का शैक्षिक भ्रमण कर वाराणसी लौट रहे स्कूली बच्चों की बस में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पैकेट बंद केक और कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद चार छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इनमें चारों छात्राएं बेहोश हो गईं। बस को औरैया के अनंतराम टोल प्लाजा के पास रोककर पुलिस की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में फूड प्वाइजनिंग के लक्षण बताए। उपचार के बाद छात्राओं की हालत में सुधार हुआ और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार, वाराणसी के हरहुआ ब्लॉक स्थित शिवरामपुर के राजेंद्र पटेल मेमोरियल जूनियर हाईस्कूल की बस 11 नवंबर को शैक्षिक भ्रमण के लिए रवाना हुई थी। बस में 41 छात्र-छात्राओं के साथ विद्यालय का स्टाफ और अन्य लोग समेत कुल 50 लोग सवार थे। भ्रमण के दौरान बच्चों ने 12 नवंबर को आगरा में ताजमहल और किले का भ्रमण किया। इसके बाद मथुरा, वृंदावन, बरसाना और गोकुल पहुंचे। गोकुल में सभी ने भंडारे का भोजन और प्रसाद ग्रहण किया था।
शनिवार शाम करीब 7:30 बजे बस वाराणसी के लिए रवाना हुई। रास्ते में मथुरा के रिफाइनरी क्षेत्र स्थित जियो पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने के लिए बस रोकी गई। इसी दौरान कुछ बच्चों ने पेट्रोल पंप की कैंटीन से पैकेट बंद केक और कोल्ड ड्रिंक खरीदी। इसे खाने-पीने के बाद बस आगे बढ़ गई। इटावा पहुंचने पर कानपुर हाईवे किनारे एक ढाबे पर बस रुकी, जहां केवल चालक अखिलेश सिंह ने भोजन किया।
कुछ दूरी आगे बढ़ने पर शनिवार देर रात करीब दो बजे छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर बस को अनंतराम टोल प्लाजा के पास रोका गया। पुलिस की सहायता से चारों छात्राओं को सीएचसी अजीतमल में भर्ती कराया गया। बीमार छात्राओं में कक्षा 10 की आंशिका पटेल, कक्षा 11 की सुस्मिता विश्वकर्मा, इंटर की मानसी सिंह और कक्षा नौ की आयुषी पटेल शामिल थीं।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. एके गुप्ता के अनुसार, छात्राओं में फूड प्वाइजनिंग जैसे लक्षण मिले थे। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई। कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि विद्यालय प्रबंधक प्रेमचंद्र सिंह ने घटना की लिखित जानकारी पुलिस को दी थी। उपचार के बाद रविवार सुबह करीब चार बजे बस सभी यात्रियों को लेकर वाराणसी के लिए रवाना हो गई।