रेलवे ट्रैक पर केबल रखकर टला बड़ा हादसा, लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकी ट्रेन, चार गिरफ्तार

 वाराणसी सिटी स्टेशन के धोबीघाट के पास ट्रैक पर रखा था बिजली के मोटे केबल का बंडल, प्रयागराज रामबाग-औड़िहार मेमू ट्रेन के लोको पायलट की सतर्कता से बची यात्रियों की जान; सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरपीएफ ने चार युवकों को दबोचा।
 

 

वाराणसी। वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन के धोबीघाट के पास रेलवे ट्रैक पर बिजली के मोटे केबल का बंडल मिलने से सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया। प्रयागराज रामबाग से औड़िहार जा रही मेमू ट्रेन के लोको पायलट ने समय रहते पटरी पर पड़े केबल को देख लिया और इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। सूचना मिलने पर पहुंची रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने केबल को ट्रैक से हटवाया। मामले में आरपीएफ ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है।

 

आरपीएफ पोस्ट वाराणसी सिटी की प्रभारी भुवनेश्वरी के अनुसार, 16 नवंबर को रेलवे ट्रैक के पास किलोमीटर संख्या 200/21 पर बिजली के मोटे केबल का बंडल रखा मिला था। इस ट्रैक से ट्रेन संख्या 65112 प्रयागराज रामबाग-औड़िहार मेमू को गुजरना था। पटरी पर केबल देखकर लोको पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाया और ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर केबल को ट्रैक से हटाकर किनारे रखवा दिया।

घटना की जांच के दौरान आरपीएफ ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में घटनास्थल के पास चार युवक दिखाई दिए। उनकी पहचान जैतपुर निवासी आरिफ (24), इमरान (22), आसिफ (21) और निजामुद्दीन (24) के रूप में हुई। पूछताछ में चारों ने रेलवे लाइन के किनारे पड़े केबल को चोरी कर ले जाने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि केबल भारी होने के कारण उसे ट्रैक के पास छोड़ दिया था।

आरपीएफ के मुताबिक, ट्रेन रुकने के बाद केबल को हटाकर किनारे रख दिया गया था। इसके बाद आरोपी दोबारा मौके पर पहुंचे और केबल को धोबीघाट तालाब में जलकुंभी के बीच छिपा दिया। रात करीब नौ बजे आरपीएफ ने चारों युवकों को पकड़ लिया। उनके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।