वाराणसी देह व्यापार मामला! किशोरी के शोषण में चार और आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में किशोरी से देह व्यापार कराने के मामले में पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच जारी है।
 

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के पहड़िया स्थित सारंग चौराहे के पास किराये के मकान में किशोरी से कथित तौर पर देह व्यापार कराने के मामले में पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामले में पहले ही दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी और अब जांच के दौरान फरार चल रहे चार अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया गया है।

 

प्रतापगढ़ से दबोचे गए चार आरोपी

सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि एनजीओ फ्रीडम फर्म की शिकायत और पुलिस जांच के आधार पर प्रतापगढ़ जिले के रमईपुर नेवादा निवासी सुबरातन, वाजिद, लियाकत और साफरून को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद चारों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

 

पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां

पुलिस के मुताबिक इस मामले में मनोज और शादुनिशा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अप्रैल में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एनजीओ की सूचना पर एक सिपाही को ग्राहक बनाकर भेजा था, जिसके बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच के दौरान कई अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने आई थी।

छोटी बहन के शोषण का भी खुलासा

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पीड़िता की नाबालिग छोटी बहन को भी कथित तौर पर दूसरे स्थान पर देह व्यापार के लिए मजबूर किया जा रहा था। इस मामले में भी अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस प्रकरण में मां, बुआ, सौतेले पिता सहित कई लोगों को आरोपी बनाया है और कई गिरफ्तारियां भी की जा चुकी हैं।

दोनों किशोरियों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया

पुलिस ने दोनों नाबालिग बहनों को सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया है। एक किशोरी को रामनगर स्थित बालिका गृह तथा दूसरी को दुर्गाकुंड स्थित संरक्षण गृह में रखा गया है, जहां उनकी देखभाल की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों, आरोपियों की भूमिका और संभावित अन्य कड़ियों की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।