वाराणसी में हॉस्टल की छत से गिरकर 12 वर्षीय छात्रा की मौत, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नगवां चौकी अंतर्गत एक निजी स्कूल के हॉस्टल में गुरुवार को 12 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरने से मौत हो गई। छात्रा मूल रूप से बिहार के सीवान की रहने वाली थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। गुरुवार को वह हॉस्टल की छत से नीचे गिर गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में छत से गिरी, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना पर डीसीपी गौरव बंसवाल, एडीसीपी वैभव बांगर, एसीपी गौरव कुमार और लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने छात्रा की पहचान कर उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। हॉस्टल में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के समय छात्रा कहां थी और छत से गिरने की वजह क्या रही।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजनों के वाराणसी पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।