वाराणसी में 22 जुलाई को 2 घंटे से अधिक बिजली रहेगी गुल, लाइन शिफ्टिंग के चलते कई इलाकों में रहेगा शटडाउन
वाराणसी। वाराणसी में 22 जुलाई 2026 (बुधवार) को सड़क चौड़ीकरण और विद्युत लाइनों को भूमिगत करने के कार्य के चलते कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी।
नगरीय विद्युत निर्माण खंड-द्वितीय द्वारा जारी सूचना के अनुसार लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यों के लिए अलग-अलग उपकेंद्रों से शटडाउन लिया जाएगा।
विद्युत विभाग के अनुसार लेढ़ूपुर उपकेंद्र से संचालित 11 केवी आशापुर फीडर और पांडेयपुर उपकेंद्र से संचालित 11 केवी लालपुर फीडर पर लाइन शिफ्टिंग एवं चार्जिंग का कार्य किया जाएगा। इसके लिए सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
इन इलाकों में रहेगा बिजली शटडाउन
शटडाउन के दौरान रुस्तमपुर, पैगंबरपुर, नटूई, सिंचाई विभाग कॉलोनी, चंद्रा चौराहा, आशापुर, अमनपुरी कॉलोनी, पांडेयपुर, काली माता मंदिर, राय साहब का बगीचा और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
शास्त्री नगर और सिगरा में भी बिजली रहेगी बाधित
इसके अलावा 33/11 केवी नगर निगम उपकेंद्र से संचालित 11 केवी शास्त्री नगर फीडर पर सीएम ग्रिड योजना के तहत विद्युत उपकरणों की शिफ्टिंग का कार्य किया जाएगा। इस कारण सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक शास्त्री नगर, सिगरा, अशोक नगर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
विभाग ने सहयोग की अपील की
अधिशासी अभियंता वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण और विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं आधुनिक बनाने के लिए यह कार्य आवश्यक है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अस्थायी असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए सहयोग की अपील की है।