वाराणसी: बिजली निगम ने स्मार्ट मीटर बदलने पर लगाई रोक, 200 रुपये निगेटिव बैलेंस पर नहीं कटेगा कनेक्शन
वाराणसी। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम (PuVVNL) ने उपभोक्ताओं की समस्याओं को देखते हुए एक बड़ा और राहत भरा कदम उठाया है। बिजली निगम ने पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर में बदलने की प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी है। यह व्यवस्था स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए गठित तकनीकी समिति की रिपोर्ट आने तक लागू रहेगी।
क्या हैं नए नियम और राहत बिंदु?
बुधवार को भिखारीपुर स्थित एमडी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान निदेशक वाणिज्य शिशिर कुमार और निदेशक तकनीकी जितेंद्र नलवाया ने उपभोक्ताओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
1 किलोवाट से अधिक और 2 किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं का कनेक्शन 200 रुपये निगेटिव बैलेंस या 3 दिन की अतिरिक्त अवधि (जो भी बाद में हो) तक नहीं काटा जाएगा। शाम 6 बजे से सुबह 8 बजे तक और रविवार या राजपत्रित अवकाश के दिन बिजली का कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। यदि किसी कारणवश कनेक्शन कट जाता है, तो रिचार्ज करने के 2 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति फिर से बहाल कर दी जाएगी।
निगेटिव बैलेंस के कारण कनेक्शन काटने से पहले उपभोक्ताओं को 5 बार चेतावनी संदेश (SMS) भेजे जाएंगे। बैलेंस निगेटिव होने की स्थिति में 1 किलोवाट के घरेलू उपभोक्ताओं को 30 दिन का अतिरिक्त समय मिलेगा।
छूट और सुरक्षा धनराशि का समायोजन
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अधिकारियों ने बताया कि समय पर रिचार्ज करने वाले उपभोक्ताओं को बिजली बिल की दरों में 2 प्रतिशत की विशेष छूट मिलेगी। इसके अलावा, प्रीपेड स्मार्ट मीटर में बदलाव के समय उपभोक्ताओं की पहले से जमा सुरक्षा धनराशि को या तो बकाए में समायोजित किया जाएगा या प्रीपेड बैलेंस में जोड़ दिया जाएगा।
जिले में अब तक 1,87,247 स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अब जो नए मीटर लगाए जाएंगे, वे पहले से ही कॉन्फिगर होंगे, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की तकनीकी समस्या का सामना न करना पड़े।
समस्याओं के समाधान के लिए लगेंगे कैंप
स्मार्ट मीटर और सोलर पैनल से जुड़ी किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए हर डिवीजन पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। यहां उपभोक्ता अपनी शिकायतों का मौके पर ही निवारण करवा सकेंगे।