रथयात्रा मेले की सुरक्षा को लेकर वाराणसी पुलिस हाई अलर्ट, ड्रोन निगरानी और चप्पे-चप्पे पर रहेगा सुरक्षा घेरा

 रथयात्रा मेले में सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम, हर गतिविधि पर रहेगी पैनी नजर
 
 16 से 18 जुलाई तक चलने वाले ऐतिहासिक मेले के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम, भीड़ प्रबंधन से लेकर ट्रैफिक डायवर्जन तक तैयार

वाराणसी। 16 से 18 जुलाई तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक रथयात्रा मेले को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरि मीणा ने पुलिस अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र एवं प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक प्रबंधन का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जगन्नाथ मंदिर परिसर, रथयात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग स्थलों, श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए पैदल कॉरिडोर, ट्रैफिक डायवर्जन प्वाइंट तथा आपातकालीन निकासी मार्ग का गहन निरीक्षण किया गया। साथ ही विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिस बल, सुरक्षा संसाधनों और व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन भी किया गया।

मेले की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए सीसीटीवी एवं पीटीजेड कैमरों, ड्रोन कैमरों, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, वायरलेस नेटवर्क, कंट्रोल रूम, अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र, चिकित्सा सहायता केंद्र, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड तथा क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीड़ प्रबंधन, महिला सुरक्षा, यातायात संचालन, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों, एंटी रोमियो टीम तथा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की जाएगी।

इसके अतिरिक्त डीएफएमडी (Door Frame Metal Detector) एवं एचएचएमडी (Hand Held Metal Detector) से सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। होटल, धर्मशालाओं, रेलवे स्टेशन एवं बस स्टेशन पर सत्यापन अभियान जारी रहेगा। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक यातायात मार्ग भी तत्काल लागू किए जाएंगे।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पूर्व निर्धारित ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। प्रमुख चौराहों एवं पार्किंग स्थलों पर अतिरिक्त यातायात पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जबकि एम्बुलेंस एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर सुनिश्चित किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रथयात्रा मार्ग, मेला क्षेत्र, फुटपाथों तथा प्रमुख चौराहों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, अवैध पार्किंग अथवा मार्ग अवरोधन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा एवं यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें, केवल निर्धारित मार्गों का उपयोग करें, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस अथवा डायल-112 को सूचना दें।